फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की मार्च 2026 माह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद फर्रुखाबाद को समग्र विकास कार्यों में 17वां स्थान प्राप्त हुआ।
समीक्षा के दौरान 29 विभागों की कुल 78 योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इस दौरान कई योजनाओं का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।
कमजोर प्रदर्शन वाली योजनाएं:
डी श्रेणी में चिकित्सा विभाग की जननी सुरक्षा योजना को 63वीं रैंक के साथ 10 में से मात्र 2 अंक प्राप्त हुए।
सी श्रेणी में महिला एवं बाल विकास विभाग की आईसीडीएस पोषण अभियान को 49वीं रैंक व 3 अंक मिले, जबकि समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना 58वीं रैंक के साथ 5 अंक ही प्राप्त कर सकी।
उद्योग विभाग की योजनाओं में ओडीओपी वित्त पोषण योजना को 73वीं रैंक व 6 अंक तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को 54वीं रैंक व 6 अंक मिले।
इसके अलावा जल निगम (ग्रामीण) की जल जीवन मिशन योजना को 41वीं रैंक व 8 अंक तथा पर्यटन विभाग की राज्य योजना को 55वीं रैंक व 7 अंक प्राप्त हुए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन:
वहीं ग्राम्य विकास विभाग की डीएनआरएलएम आरएफसी आईएफ योजना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11वीं रैंक हासिल की और 10 में से पूरे 10 अंक प्राप्त किए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी और गुणवत्ता लाकर आगामी माह में जनपद की रैंकिंग को बेहतर बनाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
