फर्रुखाबाद में दरोगा पर मारपीट का आरोप, सभासदों में आक्रोश—निलंबन की उठी मांग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अप्रैल 2026 वार्ड नंबर 4 नानक नगर की सभासद निर्मला देवी के प्रतिनिधि श्याम के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर जनपद के सभासदों में भारी रोष व्याप्त है और आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों कोतवाली फतेहगढ़ में तैनात दरोगा मिथिलेश कुमार यादव का निर्माण कार्य के दौरान काफिले को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान दरोगा ने श्याम के साथ मारपीट की और उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की। इस घटना के बाद जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ गई है।

इसी क्रम में गुरुवार को नूनहाई स्थित एक धर्मशाला में सभासदों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए, जहां सभी ने एक स्वर में आरोपी दरोगा के निलंबन की मांग की। सभासदों ने चेतावनी दी कि जब तक संबंधित दरोगा के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे पुलिस का सहयोग नहीं करेंगे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल तिवारी ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो मामले को मुख्यमंत्री स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

बैठक में सभासद अतुल शंकर दुबे, असलम अंसारी, रफी अंसारी, अभिषेक अग्निहोत्री उर्फ डब्बू, शशांक शेखर समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर आरोपी दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई।

फिलहाल इस मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और अब लोगों की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।