फर्रुखाबाद में योजनाओं की समीक्षा बैठक, डीएम ने फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड पर दिया जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अप्रैल 2026 जनपद में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी ग्राम प्रधानों के साथ फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी एवं आयुष्मान कार्ड की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों से योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराई जाए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को शासन की विभिन्न लाभकारी योजनाओं का फायदा समय पर मिल सकेगा।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी निर्माण की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए प्रत्येक परिवार का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी से सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं लक्षित तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सकेगा।

आयुष्मान भारत योजना पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे उन्हें निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है।

बैठक में बेहतर कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों की सराहना की गई, वहीं अन्य प्रधानों को भी निर्धारित लक्ष्य जल्द पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों में खुली बैठक आयोजित कर अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करें और तय समयसीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपनिदेशक कृषि, जिला पंचायत राज अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।