नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों के चल रहे आंदोलन के बीच बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों को ओवरटाइम का भुगतान अब तय समय के मुकाबले दोगुना किया जाए। इसके साथ ही श्रमिकों को समय पर वेतन और बोनस सीधे उनके बैंक खातों में जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है।
यह निर्णय एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान लिया गया, जिसमें औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक असंतोष और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को निर्देशित किया कि वे अगले 24 घंटे के भीतर औद्योगिक संगठनों, उद्योग प्रतिनिधियों और इकाई प्रबंधन के साथ सीधा संवाद स्थापित करें और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करें।
सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार, इन निर्देशों के अनुपालन में गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों के लिए सख्त नियम लागू कर दिए हैं। इन नियमों का उद्देश्य श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना और औद्योगिक वातावरण को संतुलित बनाए रखना है।
जिला अधिकारी मेघारूपम ने उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में श्रमिकों के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी इकाइयों को निर्देश दिया कि वे श्रम कानूनों का सख्ती से पालन करें और श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
सरकार के इस फैसले को श्रमिकों के हित में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। साथ ही, इसे उत्तर प्रदेश में श्रम सुधारों की दिशा में एक मॉडल पहल के रूप में भी देखा जा रहा है, जिससे अन्य जिलों में भी इसी प्रकार की व्यवस्था लागू होने की संभावना है।
