मिर्जापुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश के जनपद मिर्जापुर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वरिष्ठ वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटरा कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना नगर (कतवारु का पुरा मोहल्ला) में सुबह करीब 7:15 बजे 40 वर्षीय वकील राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह रोज की तरह टहलने निकले थे। तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और सीने पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर उनकी बाइक बंद हो गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने तमंचा तानकर लोगों को डराया, जिससे लोग पीछे हट गए और आरोपी फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मृतक राजीव सिंह देवरी विरोही थाना विंध्याचल के निवासी थे और उनकी पत्नी ग्राम प्रधान हैं। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चुनावी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और पूर्व में भी दोनों के बीच विवाद हो चुका है। करीब 7 महीने पहले आरोपी द्वारा वकील के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल, इस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
