फर्रुखाबाद में सपा कार्यालय पर महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अप्रैल 2026 महान समाज सुधारक, ‘सत्यशोधक समाज’ के संस्थापक एवं शोषितों-वंचितों की आवाज़ के रूप में विख्यात महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती के अवसर पर आज समाजवादी पार्टी कार्यालय, फर्रुखाबाद में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा फुले के जीवन, उनके सामाजिक योगदान एवं उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में व्याप्त जातिवाद, भेदभाव और कुरीतियों के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उनके द्वारा स्थापित सत्यशोधक समाज ने समाज के वंचित वर्गों को शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि महात्मा फुले के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को न्याय दिलाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर सर्विस अंबेडकर, रामसनेही यादव उर्फ मुन्ना यादव एडवोकेट, संतोष दिवाकर, संजय शाक्य एडवोकेट (जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी, कमालगंज क्षेत्र प्रथम) सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महात्मा फुले के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और सामाजिक समरसता एवं समानता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।