नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। इस भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू जी, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विश्वस्तरीय एयरपोर्ट ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। जेवर में स्थापित यह एयरपोर्ट न केवल देश-विदेश के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, बल्कि वैश्विक व्यापार, निवेश और औद्योगिक विकास को भी नई गति देगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे उत्तर प्रदेश की प्रगति की “नई उड़ान” बताते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगी। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए किसानों के योगदान की भी सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी एयरपोर्ट के निर्माण को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे के चलते उत्तर प्रदेश अब निवेशकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का प्रथम चरण शुरू होने के साथ ही ‘नया उत्तर प्रदेश’ विकास की नई इबारत लिखने की ओर अग्रसर हो चुका है। यह परियोजना न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए आर्थिक प्रगति और वैश्विक पहचान का नया द्वार खोलेगी।
