फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने आज फर्रुखाबाद में बिजली, पानी और सड़क विभाग के अधिशासी अभियन्ताओं के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए और जहां भी ट्रांसफार्मर खराब हैं या लाइन से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाना बेहद आवश्यक है ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली गई। विधायक ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है, वहां जल्द से जल्द समाधान किया जाए और खराब पाइप लाइनों की मरम्मत कराकर नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराई जाए तथा नई सड़कों के निर्माण कार्य को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं का बेहतर होना अत्यंत जरूरी है।
विधायक ने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिशासी अभियन्ता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
