ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव में खुले नाले और कूड़े के ढेर से बढ़ी परेशानी, हादसे का खतरा।

ग्रेटर नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मार्च 2026 जनपद गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला कुलेसरा गांव इन दिनों खुले नाले और कूड़े के ढेर की समस्या से जूझ रहा है। जीटी रोड के किनारे नाले का निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष से चल रहा है, लेकिन अभी तक नाला पूरी तरह खुला पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार खुले नाले में आए दिन गाय और अन्य पशु गिर जाते हैं। कई बार भीड़भाड़ के समय ई-रिक्शा और बाइक चालकों के भी इसमें गिरने का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि नाले के आसपास सुरक्षा के लिए जाल या सेफ्टी ग्रिल लगाई जानी चाहिए थी, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

इसके अलावा नाले के पास पिछले 15–20 दिनों से कूड़े का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जिससे आसपास गंदगी फैल रही है। कूड़े के कारण बदबू और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गाय और अन्य पशु इस कूड़े को खाकर बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन सफाई कर्मचारियों द्वारा नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह क्षेत्र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत आता है, इसके बावजूद संबंधित अधिकारी इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार जहां एक ओर स्वच्छ भारत अभियान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर सफाई और सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब दिखाई दे रही है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि जल्द से जल्द खुले नाले को ढका जाए, सुरक्षा के लिए जाल लगाया जाए और इलाके में नियमित सफाई कराकर कूड़े के ढेर को हटाया जाए, ताकि संभावित हादसों और बीमारियों से बचा जा सके।

Leave a Comment