फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स लि० कम्पिल से जुड़े समस्त कार्मिकों एवं श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। नोटिस में मिल प्रबंधन/संघ मुख्यालय द्वारा पूर्व में किए गए भुगतानों की स्थिति स्पष्ट करते हुए शेष दावों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी सूचना के अनुसार वर्ष 2006-07 में मिल के समस्त पात्र कार्मिकों/श्रमिकों को उनकी पात्रता एवं योग्यता के आधार पर वीआरएस (VRS) का भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त जो श्रमिक वीआरएस के पात्र नहीं थे, उन्हें विभिन्न तिथियों में विधिवत ग्रेच्युटी का भुगतान भी किया गया। वर्ष 2010 में श्रमिकों द्वारा प्रस्तुत आपत्तियों के क्रम में डिफरेंस अमाउंट (अंतर राशि) का भुगतान भी नियमानुसार पूर्ण कर दिया गया था।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (VDA), ले-ऑफ, बोनस एवं कटौती जैसे मदों में देय भुगतान की प्रक्रिया समय-समय पर संचालित होती रही है। संघ मुख्यालय में आवेदन प्रस्तुत करने वाले कुल 977 श्रमिकों के समस्त देयकों का अंतिम एवं पूर्ण भुगतान किया जा चुका है।
वर्तमान में केवल वे श्रमिक शेष हैं, जिनके आवेदन अभी तक संघ मुख्यालय में प्राप्त नहीं हुए हैं। ऐसे श्रमिकों को निर्देशित किया गया है कि वे स्वयं संघ कार्यालय/संघ मुख्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर नियमानुसार अपना भुगतान प्राप्त करें। यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन श्रमिकों का भुगतान पहले ही किया जा चुका है, उनके पुनः आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
बिचौलियों से सावधान रहने की अपील
संघ मुख्यालय ने श्रमिकों को आगाह किया है कि किसी भी बिचौलिये, स्वयं को अधिकृत बताने वाले व्यक्ति या तथाकथित नेता के माध्यम से संपर्क न करें और किसी को भी कोई धनराशि न दें। भुगतान की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। यदि कोई व्यक्ति भुगतान के नाम पर धन की मांग करता है तो उसे अनधिकृत और अवैध माना जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संघ मुख्यालय की नहीं होगी।
संघ की ओर से संबंधित श्रमिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर सीधे संघ कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करें और अपना देय भुगतान प्राप्त करें।
