फर्रूखाबाद में यातायात जागरूकता बैठक आयोजित, अधिवक्ताओं व पत्रकारों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 मार्च 2026 आरती सिंह पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज पुलिस लाइन स्थित सभागार में यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन अभय वर्मा क्षेत्राधिकारी यातायात एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा किया गया।

इस अवसर पर लॉ बार काउंसिल के अध्यक्ष श्री शशि भूषण दीक्षित सहित अधिवक्ता गण एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रभावशाली वर्गों के माध्यम से आमजन तक यातायात नियमों की जानकारी पहुंचाना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

बैठक के दौरान यातायात संकेतों की सही पहचान, दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता, चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के महत्व तथा पैदल चलने के सुरक्षित तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।

यातायात पुलिस द्वारा उपस्थित सभी लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मुवक्किलों तथा समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं एवं पत्रकारों ने यातायात संबंधी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।

Leave a Comment