मैनपुरी (द दस्तक 24 न्यूज़) 22 फरवरी 2026 जनपद में आज एक सादगीपूर्ण एवं गरिमामय समारोह के मध्य बौद्ध रीति-रिवाज से विवाह संस्कार सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द, समानता और मानवीय मूल्यों की प्रेरणादायी झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर राहुल शाक्य पुत्र श्री संतोष कुमार शाक्य, निवासी काजी टोला, बेवर, जिला मैनपुरी तथा दिव्या शाक्य पुत्री श्री राधेश्याम शाक्य, निवासी ग्राम कोरीखेड़ा, मूसाखिरिया, जिला फर्रुखाबाद ने बौद्ध परंपरा के अनुसार वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। दोनों ने त्रिशरण एवं पंचशील के उच्चारण के साथ बुद्ध, धम्म और संघ को साक्षी मानकर एक-दूसरे का जीवनसाथी बनने का संकल्प लिया।
विवाह संस्कार बौद्ध भिक्षु भंते नाग सेन द्वारा सम्पन्न कराया गया। उन्होंने नवदंपति को मंगलाशीष प्रदान करते हुए दाम्पत्य जीवन में परस्पर सम्मान, करुणा, मैत्री और सहयोग की भावना बनाए रखने का संदेश दिया। विवाह संस्कार पूर्ण होने के उपरांत नवविवाहित जोड़े को विधिवत विवाह प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
समारोह में उपस्थित परिजनों, शुभचिंतकों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवदंपति को शुभकामनाएँ दीं तथा उनके सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम सादगी, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ, जिसने समाज में समानता और जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।
