फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को विकासखंड कार्यालय मोहम्मदाबाद का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विकासखंड परिसर में स्थापित अन्य कार्यालयों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी को कार्यालय भवन में रंगाई-पुताई कराने तथा क्षतिग्रस्त प्लास्टर की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने तथा विकासखंड परिसर में निष्प्रयोज्य चिन्हित भवनों की नीलामी कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विकासखंड परिसर में निर्मित प्रधानमंत्री मॉडल आवास का लोकार्पण भी किया। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
