फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जनवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आज आर.पी.पी.जी. कॉलेज, कमालगंज के सभागार में सड़क सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) फर्रुखाबाद श्री सुभाष राजपूत उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में रोड सेफ्टी क्लब के जनपदीय संयोजक डॉ. आलोक विहारी शुक्ल, क्षेत्राधिकारी (यातायात) श्री अभय वर्मा, थाना प्रभारी कमालगंज श्री ए.एन. पांडे तथा एनसीसी प्रशिक्षक श्री दिनेश कुमार ने वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्रा तनु एवं करुणा कश्यप द्वारा सरस्वती वंदना तथा तनु एवं अनु द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में एआरटीओ श्री सुभाष राजपूत ने कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं मुख्य रूप से लापरवाही के कारण बढ़ रही हैं, जिन पर नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से सड़क सुरक्षा नियमों का अक्षरशः पालन करने की अपील करते हुए कहा कि ओवरलोडिंग न करें, वाहन के सभी प्रपत्र पूर्ण रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें, गति नियंत्रण में रखें तथा हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पूर्व वाहन न चलाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अभय वर्मा ने बताया कि अवयस्क द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर मोटर वाहन संशोधन अधिनियम, 2019 की धारा-199(क) के अंतर्गत संरक्षक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रावधान के अंतर्गत 03 वर्ष तक का कारावास, 25 हजार रुपये तक का जुर्माना, अपराध में प्रयुक्त वाहन का एक वर्ष के लिए पंजीयन निरस्त किया जा सकता है तथा संबंधित किशोर का ड्राइविंग लाइसेंस 25 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के रोड सेफ्टी क्लब संयोजक प्रशांत कुमार शुक्ल ने किया। अंत में कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. डॉ. ए.पी. चौरसिया ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
