फर्रूखाबाद में नागरिक सुरक्षा द्वारा मॉकड्रिल आयोजित, ब्लैकआउट से लेकर रेस्क्यू तक का किया गया अभ्यास

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जनवरी 2026 आज अग्निशमन कार्यालय फर्रूखाबाद परिसर में नागरिक सुरक्षा फर्रूखाबाद द्वारा एक व्यापक मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई।

मॉकड्रिल की शुरुआत सायं 06:00 बजे सायरन बजने के साथ हुई, जिसके साथ ही पूरे परिसर में ब्लैकआउट किया गया। लगभग दो मिनट बाद पुनः सायरन बजते ही मॉकड्रिल प्रारंभ की गई। अभ्यास के दौरान आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया का वास्तविक प्रदर्शन किया गया।

मॉकड्रिल में सर्वप्रथम फायर टेंडर की सहायता से आग बुझाने का अभ्यास किया गया। इसके पश्चात घटनास्थल पर मौजूद घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। छत पर फंसे घायलों को रस्सी के सहारे सुरक्षित नीचे उतारकर उपचार के बाद अस्पताल भेजने की प्रक्रिया भी दिखाई गई।

इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना तथा आमजन को आपदा से निपटने के प्रति जागरूक करना रहा।

मॉकड्रिल के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद, चिकित्सा विभाग के अधिकारी श्री आर.सी. माथुर, चिकित्सकगण, आपदा विशेषज्ञ, होमगार्ड, पी.आर.डी. जवान तथा आपदा मित्र उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने मॉकड्रिल की सराहना करते हुए इसे आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।