फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 दिसंबर 2025 सुशासन सप्ताह के अंतर्गत “प्रशासन गाँव की ओर” कार्यक्रम के तहत आज जनपद स्तर पर एक भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद में जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत रहे सेवानिवृत्त आईएएस श्री मानवेन्द्र सिंह रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं शिक्षा विद डॉ. विनोद कुमार तिवारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए श्री मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अधिकारियों की होती है। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों से अपील की कि वे बिना किसी दबाव में आए सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ और न्याय सुनिश्चित करें। उन्होंने वर्तमान जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के नेतृत्व में जनपद की कानून व्यवस्था में सुधार के प्रयासों की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि सुशासन के अनुरूप कार्य करने में पुलिस पर दबाव रहता है, किंतु माननीय मुख्यमंत्री की नीतियों के परिणामस्वरूप वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिला है।
विशेष अतिथि डॉ. विनोद कुमार तिवारी ने सुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन सिद्धांतों का स्मरण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं उपस्थित जनसमुदाय से अपेक्षा की कि शासकीय कार्यों के निष्पादन में जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाए तथा समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि जनपद के अधिकारी सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने जनसमुदाय से योजनाओं में सक्रिय भागीदारी की अपील की, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ सभी तक पहुँच सके। उन्होंने बताया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आईजीआरएस, तहसील दिवस, थाना दिवस, किसान दिवस एवं ग्राम चौपाल जैसे कई प्रभावी प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से जनपद में समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे नागरिकों की जानकारी मिलने पर, जिनके आयुष्मान कार्ड नहीं बने थे, मौके पर ही पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाने के निर्देश आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी को दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनभागीदारी के बिना अपराध नियंत्रण संभव नहीं है।
मुख्य विकास अधिकारी श्री विनो कुमार गौड़ ने भी गुड गवर्नेंस के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला के दौरान वक्ताओं द्वारा किसान नेता स्व. चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने किया।
इस अवसर पर भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक वीरेन्द्र सिंह राठौर, उप कृषि निदेशक अरविन्द कुमार मिश्रा, परियोजना निदेशक कपिल कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सैकड़ों की संख्या में आमजन ने कार्यशाला में भाग लेकर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
