पटना:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 नबम्बर 2025 बिहार पटना स्थित राजभवन में आज बिहार की सबसे युवा विधायक मैथिली ठाकुर को महामहिम राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद ख़ान से शिष्टाचार भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह मुलाकात आत्मीयता, स्नेह और सार्थक चर्चाओं से भरपूर रही।
राजभवन में हुए स्वागत से अभिभूत मैथिली ठाकुर ने बताया कि महामहिम राज्यपाल ने उन्हें भरपूर आशीर्वाद दिया और अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श भी किया। मुलाकात के दौरान उन्हें राजभवन में परोसे गए स्वादिष्ट भोजन का भी आनंद मिला। उन्होंने कहा कि “राजभवन आज अपने घर सा लगा।”
बिहार की सबसे युवा विधायक बनीं मैथिली ठाकुर
मशहूर लोक गायिका से राजनीति में कदम रखने वाली 25 वर्षीय मैथिली ठाकुर हालिया विधानसभा चुनाव में अलीनगर सीट से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में विजयी रहीं। उन्होंने कुल 84,915 वोट हासिल कर आरजेडी के वरिष्ठ नेता विनोद मिश्रा को पराजित किया, जिन्हें 73,185 वोट मिले। युवा नेतृत्व का यह उभार लोगों में नई ऊर्जा ला रहा है। मैथिली ठाकुर ने अपनी जीत पर कहा कि जनता का स्नेह और समर्थन उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव है और वह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राजभवन की यह मुलाकात उनके राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय मानी जा रही है।
