फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 नवम्बर 2025 कटिया रोड, कम्पिल स्थित महादेव खाद भण्डार पर डीएपी खाद की गुणवत्ता को लेकर किसानों द्वारा की गई शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। स्थानीय कृषक बलवीर, उदयवीर, पप्पू और सुनील निवासी गंगपुर शाहपुर ने इस प्रतिष्ठान से खरीदी गई डीएपी खाद को संदिग्ध बताते हुए तहसील कायमगंज में लिखित शिकायत दी थी।
शिकायत के आधार पर जिला कृषि अधिकारी ने मौके पर पहुँचकर किसानों की मौजूदगी में दुकान की जाँच की। प्रथम दृष्टया खाद की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर दुकान में उपलब्ध 45 बोरी डीएपी तथा किसानों के पास रखी डीएपी से नमूने लिए गए।
जिला कृषि अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से खाद भण्डार का लाइसेंस निलंबित कर दिया तथा बिकी पर रोक लगा दी है। दुकान में मौजूद समस्त उर्वरक स्टॉक को सीज कर दुकान को भी सील कर दिया गया है। सील का संरक्षण रिकू नामक व्यक्ति को सौंपा गया है।
नमूनों की लैब जाँच रिपोर्ट आने तक दुकान बंद रहेगी। रिपोर्ट अमानक पाए जाने पर विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष डेढ़ गुना अधिक डीएपी का वितरण हो चुका है और रेलवे रैक व सड़क मार्ग से लगातार आपूर्ति जारी है।
नवंबर माह के लक्ष्य के सापेक्ष उर्वरकों की उपलब्धता इस प्रकार है—
यूरिया: 22,672 मै.टन के मुकाबले 29,181 मै.टन (129%)
डीएपी: 11,682 मै.टन के मुकाबले 21,150 मै.टन (181%)
पोटाश: 3,060 मै.टन के मुकाबले 10,586 मै.टन (346%)
एनपीके: 15,791 मै.टन के मुकाबले 27,330 मै.टन (173%)
सुपर फास्फेट: 10,509 मै.टन के मुकाबले 18,716 मै.टन (178%)
सभी सहकारी समितियों पर यूरिया की आपूर्ति तेज़ी से जारी है और भविष्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
किसानों से अपील
अधिकारी ने कृषकों से अपील की है कि खाद वितरण केंद्रों पर जाते समय अपनी खतौनी एवं आधार कार्ड साथ लेकर जाएँ।
साथ ही सुझाव दिया कि किसान भाई मिट्टी की जाँच रिपोर्ट के आधार पर ही संतुलित मात्रा में उर्वरक का प्रयोग करें।
फिलहाल, उर्वरक स्टॉक सीज होने और नमूनों की रिपोर्ट लंबित होने के कारण क्षेत्र के किसान मामले पर प्रशासन की आगे की कार्रवाई का इंतज़ार कर रहे हैं।
