फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 नबम्बर 2025 जनपद में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ड्राइवर संतोष कुमार यादव उर्फ गोपी (35) ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से पूरे परिवार और गांव में मातम छा गया है।
संतोष थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम राजेपुर रजौरी निवासी स्वर्गीय ओमप्रकाश का पुत्र था। वह लंबे समय से राजेपुर निवासी मौरम व्यापारी संजू गुप्ता के यहाँ ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। हाल ही में संजू गुप्ता ने थाना कादरी गेट क्षेत्र के ग्राम भाऊपुर में पोल फैक्ट्री खरीदी थी, जहां संतोष रहकर काम संभालता था।
घटना का विवरण
मंगलवार देर रात संतोष ने फैक्ट्री के बाहर दीवार के किनारे स्थित आम के पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने जब उसे पेड़ से लटका देखा तो हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही कादरी गेट चौकी इंचार्ज विशेष कुमार, फैक्ट्री मालिक संजू गुप्ता और मृतक के परिजन मौके पर पहुँचे।
तनाव और कर्ज बना कारण
परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार संतोष शराब की लत का शिकार था, जिसके चलते उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज बढ़ने और शादी न हो पाने की चिंता से वह काफी तनाव में रहता था।
चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह साफ हुआ है कि कर्ज और मानसिक तनाव के कारण संतोष ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर पंचनामा भरने की कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक सबूत भी इकट्ठे किए।
घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
