फर्रुखाबाद:भाजपा जिला मुख्यालय पर आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान — आत्मनिर्भर भारत संकल्प पत्र पढ़कर दिलाई गई शपथ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 नवम्बर 2025 भारतीय जनता पार्टी के आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत आज आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर प्रोफेशनल मीट एवं वंदे मातरम संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के गायन से हुआ। महिला मोर्चा की जिला कोषाध्यक्ष प्रीति तिवारी ने भावपूर्ण स्वर में वंदे मातरम प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा रचित राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारतीयों के लिए प्रेरणा का महान स्रोत रहा। इस गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में हर्ष और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में दृढ़ संकल्पित है।

राज्य मंत्री ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” केवल एक नीति नहीं बल्कि भारत की नई पहचान है — ऐसा भारत जो अपनी जरूरतों के लिए किसी दूसरे देश पर निर्भर नहीं रहेगा। केंद्र सरकार द्वारा छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स, उद्यमियों और स्थानीय उद्योगों के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिससे युवाओं को स्वरोजगार और उद्योग के क्षेत्र में नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है।

इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसका युवा वर्ग है, और हर युवा को आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए आगे आना चाहिए। केंद्र सरकार के प्रयासों से देश की अर्थव्यवस्था तेजी से प्रगति कर रही है और वर्ष 2047 से पहले ही भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने क्षेत्र के उद्योग और उत्पाद को बढ़ावा देने का संकल्प ले, तो भारत विश्व की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बन सकता है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक अभिषेक त्रिवेदी आदि ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अभिषेक बाथम ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष ममता सक्सेना ने की। कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट अजीत महाजन ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ल, पूर्व सभासद प्रबल त्रिपाठी, सभासद शशांक शेखर मिश्रा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बबीता पाठक, जिला महामंत्री सुनील रावत, हिमांशु गुप्ता, अमरदीप दीक्षित, प्रबुद्ध वर्ग प्रकोष्ठ संयोजक विजेंद्र अग्निहोत्री (मामा), संजय सिंह, कृष्ण मुरारी राजपूत, सर्वेश कुशवाहा, शिवम दुबे, दिनेश मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।