हापुड़:मुख्यमंत्री ने गढ़मुक्तेश्वर व तिगरी मेले की तैयारियों की समीक्षा की, श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता

हापुड़:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अक्टूबर 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में लगने वाले वार्षिक कार्तिक पूर्णिमा मेले एवं अमरोहा के प्रसिद्ध तिगरी मेले की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने माँ गंगा का पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

सीएम योगी ने मेले की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल आस्था और अध्यात्म का केंद्र है बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और परंपरा का जीवंत प्रतीक भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा न हो।

योगी आदित्यनाथ ने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष का गढ़मुक्तेश्वर व तिगरी मेला उत्तम व्यवस्था, अनुशासन और स्वच्छता का आदर्श उदाहरण बनेगा और प्रदेश के आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा।