फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अक्टूबर 2025 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के आह्वान पर आज जिले में किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरना सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ और देर शाम तक चलता रहा। किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने का समर्थन मूल्य ₹450 प्रति क्विंटल घोषित करने, छोटे एवं सीमांत किसानों के कृषि ऋण माफ करने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त करने और आवारा पशुओं से फसलों की रक्षा हेतु ठोस नीति बनाने जैसी मांगें शामिल रहीं।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भड़के किसान, किया घेराव
प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई, लेकिन शाम 4:30 बजे तक कोई भी अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुँचा। इस पर नाराज किसानों ने जिला अध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में जिला अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 मिनट में सक्षम अधिकारी नहीं पहुँचा तो किसान जिलाधिकारी आवास पर जाकर ज्ञापन सौंपेंगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम न्यायिक रविंद्र कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सीडीपीओ राजेपुर मौके पर पहुंचे। इन अधिकारियों ने जिला अधिकारी की ओर से ज्ञापन ग्रहण किया और किसानों की समस्याएं सुनीं।
गन्ना मूल्य, ऋण माफी और बिजली प्रमुख मुद्दे
प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि किसानों के हित में गन्ने का मूल्य बढ़ाकर ₹450 प्रति क्विंटल किया जाए। उन्होंने छोटे और सीमांत किसानों के सभी कृषि ऋण पूर्ण रूप से माफ करने की मांग रखी।
कानपुर मंडल के उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने स्मार्ट मीटर प्रणाली समाप्त कर किसानों को मुफ्त बिजली देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं से फसल बचाव के लिए सरकार को ठोस नीति बनानी चाहिए और प्रत्येक गांव में आश्रय स्थलों का संचालन सुचारू रूप से किया जाए।
लिंक एक्सप्रेस-वे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पर सवाल
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना में भारी विसंगतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक विसंगतियां दूर नहीं होतीं, तब तक किसान इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ने देंगे। उन्होंने कहा कि यूपीडा को नए जुड़े गांवों को तुरंत बाहर करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि जिले का किसान पिछले 50 दिनों से बाढ़ प्रभावित है। सरकार को रामगंगा और गंगा नदी के दोनों किनारों पर बांध निर्माण कराना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो।
शिक्षा और आंगनवाड़ी से जुड़ी मांगें भी उठीं
किसानों ने राजेपुर ब्लॉक के कमालुद्दीनपुर ग्राम की समस्या उठाते हुए बताया कि वहां दो विद्यालयों को गलत तरीके से जर्जर घोषित कर गिराने का प्रयास किया गया। इस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तत्काल विद्यालय में शिक्षण कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया। वहीं सीडीपीओ राजेपुर ने आंगनवाड़ी केंद्र की समस्या एक सप्ताह में सुलझाने का वादा किया।
मिलों पर किसानों का शोषण बंद करने की मांग
अजय कटियार ने कहा कि डीसीएम श्रीराम शुगर मिल रूपापुर के तहत कायमगंज और अमृतपुर में गन्ना केंद्रों पर किसानों से ट्रालियों की जबरन उतराई और 50 किलो प्रति ट्राली कटौती की जाती है। इसे तुरंत रोका जाए और किसानों को उचित सुविधाएं दी जाएं।
कई किसान नेता रहे मौजूद
धरना प्रदर्शन में कानपुर मंडल के पूर्व सचिव अप्रोच मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, बृजेश गंगवार, अजयपाल यादव, जिला महासचिव अभय यादव, संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, अमृतपुर तहसील अध्यक्ष सोनू सोमवंशी, कायमगंज तहसील अध्यक्ष कश्मीर सिंह गंगवार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
