ग्रेटर नोएडा:कूड़े के ढेर से बदबू और बीमारी का खतरा — ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव में स्वच्छता व्यवस्था ठप

ग्रेटर नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कुछ कर्मचारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जनपद गौतम बुद्ध नगर के अंतर्गत ग्राम कुलेसरा में बीते दो से तीन महीनों से कूड़े का ढेर जमा है, जिसकी सफाई अब तक नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह कूड़ा अब सड़ चुका है, जिससे भयंकर दुर्गंध फैल रही है और मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। आसपास के दुकानदार और फल विक्रेता बताते हैं कि गंदगी के कारण मक्खियाँ उनके खाने-पीने की चीज़ों पर बैठती हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।

गली के सामने ही शिव शक्ति मंदिर और साईं मंदिर स्थित हैं, जहां रोजाना पूजा-अर्चना होती है। श्रद्धालु सुबह-शाम जल चढ़ाने आते हैं, लेकिन मंदिर के पास फैली गंदगी के कारण लोगों को पैरों में कीचड़ और बदबू झेलनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कई बार प्राधिकरण और उच्च अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर शीघ्र सफाई नहीं कराई गई, तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को विवश होंगे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जिम्मेदार अधिकारियों से जनता यह सवाल पूछ रही है कि आखिर मुख्यमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन को स्थानीय स्तर पर कौन कमजोर कर रहा है?