बहराइच:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 सितंबर 2025 तेजवापुर ब्लॉक के अंतर्गत मिर्ज़ापुर स्थित माँ कस्तूरी आसाराम भरोसे शिक्षण संस्थान में रविवार को महिला सशक्तिकरण विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन की अनूठी पहल के तहत कक्षा 07 की छात्रा स्वर्णिमा को ‘एक दिन की प्रधानाध्यापिका’ बनाया गया।
इस अवसर पर रामगांव थाना की उपनिरीक्षक रचना सिंह अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुँचीं और छात्र-छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, शिक्षा व सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह, भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, हिंसा और अशिक्षा जैसी बुराइयों से समाज को मुक्त करना बेहद आवश्यक है। महिलाएं किसी भी स्थिति में आवाज उठाने से न डरें, सरकार उनकी सुरक्षा व विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है।
कार्यक्रम में एसआई रचना सिंह और जितेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए आत्मनिर्भरता और शिक्षा के महत्व पर बल दिया। वहीं विद्यालय की छात्राओं द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक लघु एकांकी प्रस्तुत किया गया, जिसे सभी ने सराहा। ‘एक दिन की प्रधानाध्यापिका’ बनी छात्रा स्वर्णिमा ने कहा कि आज बेटियां किसी से कम नहीं हैं। कड़ी मेहनत और पढ़ाई के दम पर बेटियां हर लक्ष्य हासिल कर सकती हैं।
इस मौके पर महिला सिपाही पुष्पा देवी और पूजा यादव, विद्यालय प्रबंधक आशीष कुमार मौर्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं शिवानी श्रीवास्तव, निशा, पल्लवी यादव, खुशी, सोनी, स्वाति मौर्य, निखिल मौर्य, मनोज कुमार, मोइनुद्दीन अंसारी, महिमा, निशा रायनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस पहल की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है।
