फिरोजाबाद में हुई सम्यक पार्टी की बैठक

बुधवार को फिरोजाबाद जिले के ग्राम कुतुबपुर चनौरा में सम्यक पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) माननीय प्रोफेसर राम सिंह, सम्यक पार्टी बौद्धिक प्रकोष्ठ के आगरा मण्डल महासचिव माननीय रामधन शाक्य, फिरोजाबाद जिले के जिलाध्यक्ष माननीय ओम प्रकाश कुशवाहा, क्लाउड न्यूज नेटवर्क के सम्पादक श्री विवेन्द्र सिंह, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री लोकीराम, पुस्तकालय के संचालक श्री के.पी. सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।

बैठक में बहुसंख्यक वंचित पसमांदा आमजन की लोकतांत्रिक पार्टी के विजन और मिशन के सम्बन्ध में विचार रखे गए। सबसे पहले रामधन शाक्य ने विचार रखे और कहा कि पार्टी की स्थापना तपेन्द्र प्रसाद शाक्य जी ने की थी। पार्टी के दूसरे राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शिव प्रसाद विश्वकर्मा रहे और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष राजामणि सुब्बैया राय हैं। उन्होंने कहा कि सम्यक पार्टी सभी की पार्टी है। इसमें व्यक्तिवाद, परिवारवाद और जातिवाद नहीं है। यह सभी के कल्याण के लिए काम करेगी। प्रोफेसर राम सिंह ने कहा कि बहुसंख्यकों की लोकतांत्रिक पार्टी के बिना बहुसंख्यकों में एकता बनना सम्भव नहीं है। बहुसंख्यकों की राजनीति की सभी समस्याओं की जड़ व्यक्तिवाद और परिवारवाद है। लोकतांत्रिक पार्टी के द्वारा ही बहुसंख्यक राजनीति की समस्याओं जैसे विकल्पहीनता की कमी, राष्ट्रीय स्तर की पार्टी का अभाव, लगातार हो रही हार, बहुसंख्यक राजनीति में बिखराव, भ्रष्टाचार, चमचागिरी और गुलामगीरी, राजनीति के प्रति युवाओं की निराशा, आदि का समाधान किया जा सकता है। प्रोफेसर राम सिंह ने पार्टी के मुख्य मुद्दे गुणवत्तापूर्ण नि:शुल्क सरकारी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आरक्षण का वर्गीकरण, इंटरव्यू खत्म करके केवल लिखित परीक्षा द्वारा सभी नौकरियों में भर्ती, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करना, जिला सरकारों का गठन, अखिल भारतीय न्यायिक परीक्षा द्वारा जजों की भर्ती, आदि बताए।

सभी ने माना कि लोकतांत्रिक पार्टी के बिना भारत में बहुसंख्यकों की दीर्घकालिक और स्थाई सत्ता सम्भव नहीं है। अतः बहुसंख्यक वंचित पसमांदा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक पार्टी खड़ी करने के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है। अंत में जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश कुशवाहा ने कहा कि वह पूरे जिले में सम्यक पार्टी को खड़ा करने के लिए संघर्षरत रहेंगे। जिलाध्यक्ष ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।