फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति 5.0 के तहत फतेहगढ़ में स्कूटी रैली का भव्य आयोजन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 सितम्बर 2025 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत जनपद फतेहगढ़ पुलिस द्वारा रविवार को एक भव्य स्कूटी रैली का आयोजन किया गया।

इस रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन फतेहगढ़ से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह समेत जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

रैली में महिला पुलिस कर्मियों, महिला पीआरवी स्टाफ, एंटी रोमियो टीम एवं महिला बीट अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली शहर के प्रमुख चौराहों, स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों से गुजरते हुए महिलाओं को सुरक्षा संबंधित कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का माध्यम बनी।

रैली के दौरान 1090 (वुमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1098 (बाल सहायता सेवा) जैसे हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही आमजन को एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला हेल्प डेस्क और महिला शिकायत निवारण प्रणाली की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए महिला सुरक्षा अभियानों को समर्थन देने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आने वाले दिनों में जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएँ, साइबर सुरक्षा सत्र और महिला संवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अधिकारियों ने संदेश दिया कि “समाज तभी सशक्त होगा, जब उसकी महिलाएँ सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों। मिशन शक्ति का उद्देश्य है कि हर महिला अपने अधिकारों को जाने और निर्भय होकर जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़े।”