शाहजहांपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 सितंबर 2025 आज कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास विभाग की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पोषण माह 2025 की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के लाभार्थियों का चेहरा प्रमाणीकरण (FRS) एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए।
सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का आधार प्रमाणीकरण 30 सितंबर तक अनिवार्य रूप से संपन्न कराया जाए। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य अधूरा है, उन्हें शीघ्र ही पूरा किया जाए। ‘संभव अभियान 5.0’ की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए, एक सप्ताह में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। प्रशासन ने साफ किया कि पोषण माह के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह पहल जिले में कुपोषण उन्मूलन, आंगनबाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता सुधार एवं बच्चों के स्वास्थ्य पोषण को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
