बहराइच:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 सितम्बर 2025 समाजवादी पार्टी छात्र सभा, बहराइच के जिला उपाध्यक्ष मनीष मौर्यवंशी (मनी भैय्या) ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी छात्र सभा को भेजे गए त्याग पत्र में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति अपनी निष्ठा, कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त किया है।
त्याग पत्र में मनीष मौर्यवंशी ने कहा कि – “यह मेरे जीवन का स्वर्णिम अध्याय रहा है कि मुझे समाजवादी पार्टी छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष के रूप में सेवा करने का अवसर मिला। यह निर्णय मैंने गहन आत्ममंथन और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण लिया है। यह किसी असंतोष या असहमति का प्रतीक नहीं है। मेरा तन-मन-धन सदा समाजवादी पार्टी और आदरणीय अखिलेश यादव जी के नेतृत्व को समर्पित रहेगा।”
उन्होंने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि समाजवादी छात्र सभा ने उन्हें संगठनात्मक कौशल, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का अमूल्य अनुभव दिया। उन्होंने युवाओं को संगठित करने, शिक्षा-रोज़गार के मुद्दों पर संघर्ष करने और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के प्रयासों को अपने जीवन की पूंजी बताया।
मनीष मौर्यवंशी ने स्पष्ट किया कि पद छोड़ने के बावजूद वे समाजवादी पार्टी के सच्चे सिपाही के रूप में कार्य करते रहेंगे और समाज के अंतिम पायदान तक खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, उनका त्याग पत्र प्रदेश व जिला संगठन को भेजा गया है।
यह खबर बहराइच की राजनीति में हलचल पैदा करने वाली है, क्योंकि मनीष मौर्यवंशी युवाओं के बीच सक्रिय और लोकप्रिय नेता माने जाते हैं।
