शाहजहाँपुर: कलेक्ट्रेट व विकास भवन का औचक निरीक्षण, लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों पर गिरी गाज

शाहजहांपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी ने आज विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, समयपालन और कार्यालय की साफ-सफाई का गहनता से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के समय कई अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों से अनुपस्थित पाए गए, जबकि कुछ कर्मचारी देर से पहुंचे। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए तथा उनसे स्पष्टीकरण भी तलब किया है।

कलेक्ट्रेट गेट पर भी जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन से कार्यालय आने वाले कर्मचारियों का मौके पर ही चालान करवाया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि “सरकारी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि समय से कार्यालय पहुंचें, फाइलों का सही रखरखाव करें और जनता से जुड़े कार्यों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

 इस औचक निरीक्षण ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराना है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।