शाहजहांपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 सितम्बर 2025 जनपद प्रशासन ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में PET-2025 परीक्षा के सफल संचालन में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।
यह सम्मान समारोह उस साहस और टीम भावना को समर्पित था, जिसके बल पर 6 सितम्बर 2025 को आई भीषण बाढ़ की परिस्थिति के बावजूद स्वामी सुखदेवानंद महाविद्यालय समेत जनपद के परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा को बिना किसी बाधा के सम्पन्न कराया गया।
बाढ़ के कारण उत्पन्न विकट हालातों के बावजूद जिला प्रशासन की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और सभी विभागों के समन्वय ने परीक्षा को सफल बनाया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों की सुरक्षा, सुविधा और परीक्षा की गरिमा बनाए रखने में कोई कमी नहीं छोड़ी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सभी सम्बंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह टीमवर्क और सेवा भावना समाज और विभाग दोनों के लिए प्रेरणा है।
अधिकारियों ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि “आप सभी का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा कठिन परिस्थितियों में भी प्रशासन की सच्ची शक्ति को दर्शाती है।”
इस सम्मान समारोह ने साबित कर दिया कि जब टीम दृढ़ निश्चय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करती है, तो किसी भी चुनौती को सफलता में बदला जा सकता है।
