रामपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 सितम्बर 2025 परिवहन विभाग में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। सरकारी वाहनों के लिए रिज़र्व रखे गए बीजी (BG) सीरीज़ नम्बर को निजी वाहनों को आवंटित करने के मामले में रामपुर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (ARTO) राजेश के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, बीजी सीरीज़ के नम्बर खासतौर पर सरकारी वाहनों के लिए सुरक्षित रखे जाते हैं, लेकिन ARTO रामपुर राजेश द्वारा इन्हें निजी वाहनों को आवंटित कर दिया गया। मामले की शिकायत उच्च स्तर तक पहुंचने के बाद परिवहन आयुक्त (IAS) बी.एन. सिंह ने इस पर सख्त रुख अपनाया और संबंधित अधिकारी को निलंबित करने की संस्तुति शासन को भेज दी। इस कार्रवाई से परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक, शासन जल्द ही निलंबन आदेश जारी कर सकता है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी रिज़र्व नम्बर का दुरुपयोग गंभीर अनियमितता है और इसकी जांच की जाएगी कि यह कैसे और किन परिस्थितियों में किया गया।
स्थानीय स्तर पर इस घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता का कहना है कि जब सरकारी वाहनों के लिए सुरक्षित नम्बर भी गलत तरीके से आवंटित किए जा सकते हैं, तो आम वाहन मालिकों के साथ पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित होगी। यह मामला न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण है बल्कि सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग की गंभीर चेतावनी भी माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि शासन इस पूरे प्रकरण में और किन-किन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करता है।
