गोंडा की सीएमओ रश्मि वर्मा के विवादित बयान पर हंगामा, कार्रवाई की मांग तेज

गोंडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 सितम्बर 2025 जनपद की मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. रश्मि वर्मा का एक विवादित बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक नवजात शिशु की मौत पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा – “एक बच्चा मर गया तो उसके लिए सब आ रहे हैं, हजार जिंदा हैं तो उनके लिए लड्डू खाने भी तो जाओ।”

यह बयान सुनकर हर कोई स्तब्ध है, क्योंकि यह शब्द किसी आम व्यक्ति ने नहीं बल्कि जिले की शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी ने कहे हैं। घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है।

महिला होकर मां के दर्द पर व्यंग्य!

लोगों का कहना है कि एक महिला और मां होते हुए भी अगर सीएमओ किसी नवजात की मौत पर इस तरह का हंसी-ठिठोली वाला बयान देती हैं, तो यह न सिर्फ असंवेदनशीलता है बल्कि पद की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने वाला है। सोशल मीडिया पर लगातार यह सवाल उठ रहा है कि अगर स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदार अधिकारी ही इस तरह का रवैया अपनाएंगी तो आमजन को न्याय और संवेदना कैसे मिलेगी।

राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का विरोध

स्थानीय संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने डॉ. रश्मि वर्मा के बयान की कड़ी निंदा की है। कई नेताओं ने इसे “अत्यधिक असंवेदनशील और शर्मनाक” बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री से अपील

प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मांग की जा रही है कि गोंडा सीएमओ को तत्काल पद से हटाया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी इस तरह के गैरजिम्मेदाराना बयान देने से पहले सोचे।

जनता में गुस्सा

जनता का कहना है कि नवजात की मौत से जुड़े मामले में परिवार पहले ही गहरे सदमे में है। ऐसे समय पर प्रशासनिक अधिकारी का मजाकिया और असंवेदनशील रवैया असहनीय है। अब सबकी निगाहें सरकार की कार्रवाई पर टिकी हैं। यह मामला स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनशीलता और अधिकारियों की जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।