मुरादाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 सितंबर 2025 उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण अवॉर्ड में मुरादाबाद ने अपनी कैटिगरी में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह सम्मान मुरादाबाद के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि पहली बार शहर को राष्ट्रीय स्तर पर इस उपलब्धि के लिए मान्यता मिली है।
दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मुरादाबाद के मेयर और नगर आयुक्त IAS दिव्यांशु पटेल को अवॉर्ड और 25 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इस मौके पर मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुरादाबाद की यह उपलब्धि देशभर के नगर निगमों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने नगर आयुक्त और टीम की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यदि हर शहर इसी तरह प्रदूषण और स्वच्छता पर कार्य करे तो आने वाले समय में भारत स्वच्छ और स्वस्थ देश बनेगा।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने इस सम्मान को मुरादाबाद की जनता और पूरी नगर निगम टीम को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार सिर्फ निगम का नहीं, बल्कि हर उस नागरिक का है जिसने स्वच्छ वायु अभियान में सहयोग दिया। आने वाले समय में मुरादाबाद को और बेहतर बनाने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जाएगा। मुरादाबाद के अवॉर्ड जीतने के बाद शहरवासियों में भी खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह सम्मान उन्हें अपने शहर को और स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने की प्रेरणा देगा।
