अलीगढ़: पति के उकसावे पर विवाहिता ने छत से कूदकर दी जान देने की कोशिश, हालत गंभीर

अलीगढ़:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 सितम्बर 2025 उत्तर प्रदेश गृह क्लेश से परेशान एक विवाहिता ने गुरुवार को अलीगढ़ में आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि विवाहिता अर्चना ने अपने पति सोनू से विवाद के बाद छत से छलांग लगा दी। हैरानी की बात यह रही कि उसका पति उसे रोकने के बजाय उकसाता रहा और मोबाइल पर वीडियो भी बनाता रहा।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार पति सोनू बार-बार पत्नी से कहता रहा – “कूद… कूद… मर के दिखा”। पति की इन बातों से आहत होकर अर्चना ने छत से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दंपति के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से अर्चना को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पति के खिलाफ घरेलू हिंसा और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरेलू कलह किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है।