बिजनौर में नायब तहसीलदार ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, पारिवारिक कलह बताई जा रही वजह।

बिजनौर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 सितम्बर 2025 उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार राजकुमार सिंह 42 वर्ष ने बुधवार सुबह अपने सरकारी आवास पर लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रशासनिक अमले में हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही डीएम जसजीत कौर और एसपी अभिषेक झा अस्पताल और आवास पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और नायब तहसीलदार की लाइसेंसी पिस्टल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि राजकुमार सुबह ही प्रयागराज से लौटे थे, जहां उन्होंने एक प्रकरण में हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया था।

पारिवारिक कलह बनी वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजकुमार की पत्नी को शक था कि उनके किसी अन्य महिला से संबंध हैं। इस शक के चलते पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव और कलह चल रही थी। पत्नी द्वारा बार-बार कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दिए जाने से राजकुमार मानसिक दबाव में थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

माता-पिता की इकलौती संतान थे

नायब तहसीलदार राजकुमार बागपत जिले के थाना छपरौली के गांवकुरड़ी के रहने वाले थे। वे यहां कलेक्ट्रेट के पीछे स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में परिवार सहित माता-पिता भी उनके साथ ही रहते थे। और अपने माता-पिता की अकेली संतान थे। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जांच जारी

एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।

यह दर्दनाक घटना एक गंभीर संदेश छोड़ जाती है कि पारिवारिक तनाव और आपसी अविश्वास कभी-कभी इंसान की पूरी जिंदगी छीन सकता है।