नोएडा:सुप्रीम कोर्ट आदेश पर नोएडा प्राधिकरण की सख्ती, आवारा कुत्तों और यमुना डूब क्षेत्र को लेकर अहम फैसले

नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 सितम्बर 2025 नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकश एम० की अध्यक्षता में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। यह बैठक माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा Suo Moto Writ Petition (Civil) No.(S) 5 of 2025 में आवारा कुत्तों (Stray Dogs) से जुड़े आदेशों के अनुपालन को लेकर बुलाई गई थी। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री संजय कुमार खत्री, महाप्रबंधक श्री एस०पी० सिंह, महाप्रबंधक श्री ए०के० अरोड़ा, जन स्वास्थ्य विभाग के श्री इन्दु प्रकाश, परियोजना अभियंता (जन स्वास्थ्य-प्रथम) श्री गौरव बंसल और (जन स्वास्थ्य-द्वितीय) श्री आर०के० शर्मा मौजूद रहे।

बैठक में निम्न निर्देश जारी किए गए—

1. Stray Dogs का सर्वे – सभी RWA/AOA को पत्र भेजकर अपनी सोसायटी और सेक्टर में बिना नसबंदी वाले कुत्तों की जानकारी फोटोग्राफ सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नसबंदी किए गए कुत्तों की पहचान उनके कान पर बने V-Notch निशान से होगी।

2. Biting / Rabies / Aggressive Dogs की व्यवस्था – ऐसे कुत्तों को उठाकर रखने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग दो Dog Shelter बनाएगा। इनके संचालन हेतु एजेंसी चयन के लिए RFP आमंत्रित की जाएगी।

3. नए शेल्टर बनने तक की व्यवस्था – फिलहाल आक्रामक या रैबीज़ प्रभावित कुत्तों को मौजूदा एजेंसी के माध्यम से Animal Hospital/Animal Shelter में रखा जाएगा।

4. NGO की मदद से बेसलाइन सर्वे – नसबंदी वाले/बिना नसबंदी वाले और आक्रामक कुत्तों का सेक्टर एवं ग्राम स्तर पर एनजीओ की सहायता से बेसलाइन सर्वे कराया जाएगा।

5. शिकायत/सुझाव व्यवस्था – Stray Dogs से संबंधित शिकायतें व सुझाव अब नोएडा प्राधिकरण कॉल सेंटर नंबर 0120-2425025 पर दर्ज होंगे। साथ ही एक टोल फ्री नंबर भी जल्द जारी किया जाएगा।

6. फीडिंग प्वाइंट का निर्माण – आवारा कुत्तों के खान-पान की व्यवस्था हेतु RWA/AOA के समन्वय से फीडिंग प्वाइंट तय कर बनाए जाएंगे। मौजूदा फीडिंग प्वाइंट का भी सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

7. Anti Rabies Vaccination अभियान – वर्तमान में कार्यरत 2 एजेंसियां पूरे नोएडा क्षेत्र में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार Stray Dogs का Anti Rabies Vaccination और रिकॉर्ड मेंटेन करेंगी।

यमुना डूब क्षेत्र से गौवंश का स्थानांतरण

बैठक में बाढ़ को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जानकारी के अनुसार, 01 सितम्बर को ताजेवाला/हथनी कुंड बैराज से यमुना नदी में 3 लाख क्यूसेक से अधिक जल छोड़ा गया है। इसके चलते 02 सितम्बर तक नोएडा क्षेत्र में यमुना का जलस्तर पुस्ता तक पहुंचने की संभावना है। सावधानी के तौर पर प्राधिकरण ने यमुना डूब क्षेत्र में स्थित सभी गौवंश को सेक्टर-135 ग्रीन बेल्ट में स्थानांतरित कर दिया है और उनके भोजन-पानी व देखभाल की पूरी व्यवस्था कर ली गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन और बाढ़ प्रबंधन को लेकर नोएडा प्राधिकरण की यह बैठक शहरवासियों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।