राजस्थान में महात्मा ज्योतिबा फुले बोर्ड के गठन पर संशय, समाज में गहराती नाराजगी

जयपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 राजस्थान में माली, सैनी, कुशवाहा, मौर्य और काछी समाज लंबे समय से सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विशेष योजनाओं की मांग करता रहा है। इसी उद्देश्य से पूर्ववर्ती सरकार ने 23 अक्टूबर 2022 को राजस्थान राज्य महात्मा ज्योतिबा फुले बोर्ड के गठन का प्रस्ताव पारित किया था, जिसे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत शामिल किया गया।

हालांकि, बोर्ड गठन को स्वीकृति मिलने के बाद लगभग तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक इसकी अधिसूचना जारी नहीं हुई है और न ही नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू हो पाई है। इस देरी से संबंधित समाजों में गहरी निराशा और असंतोष व्याप्त है।

समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस बोर्ड की स्थापना का मकसद समाज के पिछड़ेपन को दूर करना, युवाओं के लिए शैक्षणिक अवसर बढ़ाना और आर्थिक उन्नति के लिए योजनाओं का संचालन करना है। लेकिन सरकार की ओर से ठोस कदम न उठाए जाने से करोड़ों लोगों में विश्वास की कमी और असंतोष पनप रहा है।

समस्त माली, सैनी, कुशवाहा, मौर्य और काछी समाज, राजस्थान की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन भेजकर मांग की गई है कि बोर्ड की अधिसूचना शीघ्र जारी कर नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाए। समाज ने कहा है कि यदि सरकार जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लेती, तो यह करोड़ों लोगों के विश्वास और भविष्य दोनों से जुड़ा गंभीर मामला बन जाएगा।