फर्रुखाबाद:मऊदरवाजा पुलिस का फ्लैग मार्च, त्योहारों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 आगामी त्यौहार गणेश चतुर्थी और बारावफात को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय के नेतृत्व में थाना मऊदरवाजा प्रभारी लक्ष्मण सिंह व पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने शहर के संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना जगाना और यह विश्वास दिलाना है कि त्योहारों पर उन्हें भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण मिलेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

थाना मऊदरवाजा पुलिस टीम ने भी क्षेत्र के नागरिकों से संवाद कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 त्यौहारों को लेकर पुलिस का यह सक्रिय कदम लोगों के बीच भरोसा कायम करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।