शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी

शाहजहांपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले स्थित जलालाबाद का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर परशुरामपुरी कर दिया गया है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने इस परिवर्तन को मंजूरी दे दी है।

गृह मंत्रालय की ओर से राज्य के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि भारत सरकार को जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने पर कोई आपत्ति नहीं है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि नए नाम की वर्तनी देवनागरी (हिंदी), रोमन (अंग्रेजी) और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में लिखकर आवश्यक राजपत्र अधिसूचना जारी करने का अनुरोध किया गया है। यह निर्णय उत्तर प्रदेश सरकार के पत्र संख्या 591/-2-2025-ई-1922059, दिनांक 27 जून 2025 के संदर्भ में लिया गया। साथ ही विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा भेजे गए पत्र (संख्या SM/28/35/2025 दिनांक 14 अगस्त 2025) में नए नाम की वर्तनी की पुष्टि की गई है।

गृह मंत्रालय की इस मंजूरी के बाद केंद्रीय मंत्री और पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद ने आभार जताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रसाद ने लिखा “शाहजहांपुर स्थित जलालाबाद का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’ करने की अनुमति देने पर गृह मंत्री अमित शाह का हृदय से धन्यवाद एवं आभार! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार, वंदन एवं अभिनंदन! यह निर्णय सम्पूर्ण सनातनी समाज के लिए गर्व का क्षण है। भगवान परशुराम जी के चरणों में कोटि-कोटि नमन।” इस फैसले को लेकर स्थानीय और राजनीतिक स्तर पर चर्चाओं का दौर जारी है। समर्थक इसे सनातन संस्कृति के गौरव का प्रतीक बता रहे हैं, वहीं कुछ लोगों का मानना है कि नाम बदलने से ऐतिहासिक और सामाजिक बहस भी तेज होगी। अब आधिकारिक राजपत्र अधिसूचना जारी होते ही जलालाबाद का नया नाम परशुरामपुरी लागू हो जाएगा।