फर्रुखाबाद: साइबर अपराध की रोकथाम हेतु पुलिस कर्मियों को तकनीकी प्रशिक्षण।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2025 अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर साइबर क्राइम थाना एवं जनपद के सभी थानों पर गठित साइबर हेल्प डेस्क के कर्मियों को Cytrain App के माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में नवीनतम साइबर अपराध तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल साक्ष्य संकलन और साइबर फोरेंसिक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस युग में साइबर अपराधों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, ऐसे में पुलिस कर्मियों का तकनीकी रूप से सक्षम होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिए कि वे प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए पीड़ितों की त्वरित मदद करें और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस प्रशिक्षण से जनपद स्तर पर साइबर अपराध नियंत्रण की क्षमता में वृद्धि होगी और आम जनता को ऑनलाइन धोखाधड़ी, हैकिंग, फिशिंग जैसे अपराधों से बेहतर सुरक्षा मिलेगी।