(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अगस्त 2025 अगस्त क्रांति के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे प्रदेश में “जय हिन्द यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज मुरादाबाद जनपद में भव्य “जय हिन्द यात्रा” निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
इस यात्रा में पूर्व सांसद कुँवर दानिश अली, निर्वतमान प्रदेश उपाध्यक्ष रिज़वान कुरैशी, पूर्व विधायक इकराम कुरैशी, ज़िलाध्यक्ष विनोद गुंबर, महानगर अध्यक्ष जुनैद इकराम तथा ज़िलाध्यक्ष (सोशल मीडिया) अली हसनैन रिज़वी समेत कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगे और स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र थे, साथ ही नारे लगाकर सभी ने देशभक्ति का संदेश दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगस्त क्रांति केवल एक ऐतिहासिक आंदोलन नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का निर्णायक मोड़ थी। महात्मा गांधी के “भारत छोड़ो आंदोलन” के आह्वान ने पूरे देश में स्वतंत्रता की अलख जगाई और लाखों लोगों को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सड़कों पर उतरने के लिए प्रेरित किया। मुरादाबाद में निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य उन अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करना है, जिन्होंने आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया।
यात्रा के दौरान देशभक्ति गीत गाए गए, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर वक्ताओं ने भावपूर्ण संबोधन दिया और युवाओं से देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। पूरे मार्ग में लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और फूल बरसाकर प्रतिभागियों का सम्मान किया। “जय हिन्द यात्रा” के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा – “हमारे शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, हम उनके सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।”
