गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेघा रूपम ने किया प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण, सुदृढ़ शिक्षा व्यवस्था हेतु दिए निर्देश

गौतम बुद्ध नगर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2025 जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मेघा रूपम ने आज प्राथमिक विद्यालय सुत्याना व मलकपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर का गहन अवलोकन करते हुए छात्रों की उपस्थिति, पठन-पाठन की व्यवस्था, शिक्षकों की भूमिका एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय तथा खेलकूद की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्कूल परिसर की साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।मेघा रूपम ने शिक्षकों से संवाद कर बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा देने की अपील की तथा विद्यार्थियों से भी बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई से संबंधित जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी की इस पहल को स्थानीय अभिभावकों एवं शिक्षकों ने सराहा और उम्मीद जताई कि इससे सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।