गौतम बुद्ध नगर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2025 जिलाधिकारी मेघा रूपम ने आज तहसील दादरी में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी और उनकी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने भूमि विवाद, राजस्व, बिजली, जलापूर्ति, पेंशन, आवास और सरकारी योजनाओं से जुड़ी अनेक शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। मेघा रूपम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें ताकि लोगों को समयबद्ध न्याय मिल सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में अनुपस्थित पाए गए 5 विभागीय अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए उनका वेतन रोकने के आदेश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी दादरी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, खंड विकास अधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए और समाधान दिवस में अधिकतम शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी मेघा रूपम की इस कार्यप्रणाली से क्षेत्रीय जनता में समाधान दिवस के प्रति विश्वास और उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार की जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
