चित्रकूट:मुख्यमंत्री ने जनपद के कृषि विज्ञान केन्द्र गनीवां में पूज्यपाद गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रतिमा का अनावरण किया

चित्रकूट:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज चित्रकूट की पावन धरा पर पूज्यपाद गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज की जयंती के अवसर पर उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। कृषि विज्ञान केंद्र, गनीवां में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रद्धेय नानाजी देशमुख की कर्मस्थली को श्रद्धा से नमन किया और चित्रकूट को “संस्कृति, भक्ति और विकास की त्रिवेणी” बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भूमि न केवल श्रीराम के वनवास की साक्षी रही है, बल्कि महर्षि वाल्मीकि और भारद्वाज जैसे ऋषियों की तपस्थली भी है। उन्होंने तुलसीदास जी को भारतीय संस्कृति का अमर स्तंभ बताया और कहा कि यमुना किनारे स्थित राजापुर में तुलसीदास जी के जीवन के अनेक प्रेरक प्रसंग जुड़े हैं।

कृषि और किसान कल्याण पर फोकस

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से दलहन, तिलहन और मक्का की खेती को बढ़ावा दिया गया है, जिससे किसानों की आमदनी कई गुना बढ़ी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं जैसे स्वायल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और कृषि बीमा योजना को किसानों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव का माध्यम बताया।

चित्रकूट को बनाया जा रहा है विकास का मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में श्रीराम वनगमन पथ, रोपवे, कामदगिरि परिक्रमा का सौंदर्यीकरण, मंदाकिनी नदी की शुद्धता, और आश्रमों के पुनरुद्धार जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिससे यह तीर्थ स्थल अब पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

डिफेंस कॉरिडोर से जुड़ेगा चित्रकूट

सीएम योगी ने कहा कि चित्रकूट अब देश की सुरक्षा में भी भूमिका निभाएगा। डिफेंस कॉरिडोर के तहत यहां रक्षा उपकरण निर्माण की दिशा में कार्य हो रहा है, जिससे बुंदेलखंड की युवा शक्ति आत्मनिर्भर भारत की नींव बनेगी।

सामाजिक समरसता और सेवा की प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने वनवासी समाज—कोल, भील, निषाद—का विशेष उल्लेख करते हुए उन्हें श्रीराम के सच्चे सेवक बताया और कहा कि उनके कल्याण के लिए सरकार सेचुरेशन मोड में कार्य कर रही है। उन्होंने परमानन्द आश्रम पद्धति विद्यालय को 10वीं कक्षा तक विस्तारित करने की घोषणा भी की।

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की अपील

अपने उद्बोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने वालों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता और आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव और नगर दोनों आत्मनिर्भर होंगे।

इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्य मंत्री मन्नू कोरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी व संतगण उपस्थित रहे।