कन्नौज:अन्तर्जनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, लाखों के जेवरात, नगदी, लग्जरी गाड़ियाँ व अवैध शस्त्र बरामद

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज) 31 जुलाई 2025 थाना गुरसहायगंज पुलिस, एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आज बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तर्जनपदीय चोरों के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी किये गये लगभग 3.5 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, 19,650 रुपये नगद, दो लग्जरी वाहन (होंडा सिटी व महेन्द्रा रेक्स्टन) और दो अवैध तमंचे व कारतूस बरामद करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

इस कार्यवाही को पुलिस अधीक्षक कन्नौज श्री विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक प्रताप अजेय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:

1. आकाश पुत्र अवधेश – बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जिला सीतापुर

2. अजय उर्फ हब्बड़ पुत्र अनन्तराम – बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जिला सीतापुर

3. मोहन पुत्र प्रेम लोनिया – बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जिला सीतापुर

4. विपिन कश्यप पुत्र प्रमोद कश्यप – आंवला, थाना हैदराबाद, जिला लखीमपुर खीरी

गिरफ्तारी कैसे हुई?

गिरफ्तारी की कार्रवाई 31 जुलाई 2025 को जलालाबाद अंडरपास के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में शातिर चोर मौजूद हैं। तत्परता दिखाते हुए टीम ने चारों आरोपियों को धर-दबोचा।

चोरी की प्रमुख घटनाएं:

गिरफ्तार अभियुक्त कन्नौज, बस्ती, कानपुर नगर, हरदोई आदि जनपदों में सक्रिय थे।

इनके खिलाफ ग्राम भुरजानी (कन्नौज), रामहटिया (बस्ती), बिरहाना खंड बिल्हौर (कानपुर नगर), माखनपुरवा (कानपुर नगर), रुकनापुर (हरदोई) जैसी कई जगहों पर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।

चोरों का तरीका:

गिरोह के सदस्य लग्जरी कारों से गांवों व कस्बों में रेकी करते, संपन्न घरों को चिन्हित कर रात में चोरी को अंजाम देते थे। चोरी के बाद तय स्थान पर चालक उन्हें वाहन से वापस निकाल लेता था। चुराए गए जेवरात स्थानीय सुनारों को बेचकर पैसा आपस में बांट लेते थे।

बरामदगी का विवरण:

पीली व सफेद धातु के कई जोड़ी आभूषण, ₹19,650 नगद, अवैध तमंचे व कारतूस, चोरी में प्रयुक्त होंडा सिटी व महेन्द्रा रेक्स्टन कार

गिरोह में कुल 7 सदस्य:

पुलिस ने बताया कि गिरोह में 7 सदस्य हैं। एक अभियुक्त राधा मोहन (ज्वैलर्स) निवासी बड़ा गाँव, थाना महोली, सीतापुर अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

कुख्यात अपराधी हैं गिरफ्तार अभियुक्त:

विशेष रूप से आकाश पुत्र अवधेश के खिलाफ 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। अन्य तीनों अभियुक्तों के खिलाफ भी कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, आर्म्स एक्ट,बीएनएस की विभिन्न धाराएं शामिल हैं।

पुलिस टीम को सम्मान:

पुलिस अधीक्षक कन्नौज ने इस सफलता पर थाना गुरसहायगंज, एसओजी व सर्विलांस टीम को ₹20,000 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की।