गौतम बुद्ध नगरजिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर का पदभार ग्रहण करते ही मेघा रूपम ने दिए सशक्त प्रशासन और जनसेवा के संकेत गौतम बुद्ध नगर

गौतम बुद्ध नगर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जुलाई 2025 जिले को एक नई प्रशासनिक दिशा देने की ओर कदम बढ़ाते हुए आज मेघा रूपम ने कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पूर्व जिलाधिकारी से यह जिम्मेदारी ग्रहण की।

पदभार ग्रहण करने के पश्चात मेघा रूपम ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जन शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण होगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर हल करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है।

इसके साथ ही उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों को पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाने पर विशेष जोर देने की बात कही। मेघा रूपम ने संकेत दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में भ्रष्टाचार और लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं होगा।

पदभार ग्रहण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नई जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

मेघा रूपम के आगमन से जनपदवासी अब एक सक्रिय, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन की उम्मीद कर रहे हैं। आने वाले समय में उनके नेतृत्व में जिले के प्रशासनिक ढांचे में सुधार और जनकल्याण में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।