बहराइच:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जुलाई 2025 जनपद के हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजी चौराहा पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब मैकूपुरवा निवासी राजेश यादव (पुत्र जोगी लाल यादव) किसी कार्य से राजी चौराहा आए थे और वापस घर लौटते समय राजा भैया इंटर कॉलेज के सामने डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर (संख्या: UP 40 T 3711) ने राजेश को सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर हरदी थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहराइच जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।सूत्रों की मानें तो जिस डंपर से हादसा हुआ है, वह राजी चौराहा स्थित धर्म काटा के पास लगे एक प्लांट से जुड़ा है, जहां से गिट्टी, बालू आदि की ढुलाई का कार्य होता है। यह प्लांट क्षेत्रीय निवासी चोपड़ा का बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने दुर्घटनास्थल पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और लापरवाहीपूर्ण संचालन पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
