मेरठ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 शहर में बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों के कामकाज की सच्चाई उजागर कर दी। मेरठ के अधिकांश क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया, जिससे सड़कें उफनते नालों में तब्दील हो गईं। हालात इतने बदतर रहे कि जलभराव के बीच शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ यात्रियों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।
जलभराव की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने खुद सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा लिया। डीएम ने बुढ़ाना गेट, ईवीज चौराहा, इंदिरा चौक और बच्चा पार्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों का दौरा किया और नगर निगम की टीम को तत्काल पानी निकासी के निर्देश दिए। डीएम डॉ. सिंह ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वे जलभराव की स्थिति को शीघ्र नियंत्रण में लाएं और भविष्य में ऐसी स्थिति न हो, इसके लिए स्थायी समाधान करें।
गौरतलब है कि जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह भी कुछ दिन पहले मेरठ दौरे पर आए थे। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नगर निगम को दिशा-निर्देश दिए थे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने उन निर्देशों को अमल में नहीं लाया। परिणामस्वरूप, बुधवार को हुई बारिश के चलते जाम पड़ी नालियों से गंदगी सड़कों पर बहने लगी, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। शहर में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या नगर निगम केवल कागज़ों पर ही सफाई अभियान चला रहा है? अब देखना होगा कि डीएम के निर्देशों के बाद नगर निगम की टीम कितनी गंभीरता से काम करती है और आने वाले दिनों में शहरवासियों को राहत मिलती है या नहीं।
