अमेठी:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने आज जनपद अमेठी के एक ग्रामीण क्षेत्र में महिला किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर धान की रोपाई की। इस अवसर पर उनके साथ अमेठी की उपजिलाधिकारी (SDM) प्रीति तिवारी व नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी भी उपस्थित रहीं। खेत की मिट्टी से जुड़कर, ग्रामीण महिलाओं के श्रम में सहभागी बनकर, उन्होंने असली भारत को महसूस किया।
डॉ. मौर्या ने कहा कि—भारत में हर तीन में से दो किसान महिलाएं हैं। यह आँकड़ा मात्र संख्या नहीं, बल्कि नारी की खेती में बढ़ती भागीदारी और उसकी शक्ति का सशक्त प्रमाण है। धान की रोपाई के दौरान महिला किसानों से संवाद करते हुए उन्होंने उनके संघर्ष, श्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं खेती में आगे आती हैं, तो वे केवल अन्न नहीं उगातीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, स्वाभिमान और अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणा भी पैदा करती हैं।
इस अवसर पर गांव की मेहनती बेटियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं से उन्हें खेती में नई राहें मिल रही हैं। डॉ. मौर्या ने महिला किसानों को जागरूक करने हेतु कृषि से संबंधित योजनाओं, अधिकारों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी और महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। इस कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि खेत की मिट्टी में नारी शक्ति की मौजूदगी अब सिर्फ सहायक की भूमिका तक सीमित नहीं, बल्कि नेतृत्वकारी और निर्णायक बन चुकी है।
