शाहजहांपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जून 2025 उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना तथा नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री अमृत अभिजात ने शुक्रवार को बिसरात घाट स्थित हनुमतधाम का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री खन्ना ने निर्माण कार्य की गति और गुणवत्ता की जानकारी ली तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हों। उन्होंने कहा कि हनुमतधाम एक धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का स्थल है, जिसका सौंदर्यीकरण एवं विकास जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है।
प्रमुख सचिव श्री अमृत अभिजात ने निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को भी सतर्कता बनाए रखने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता, परियोजना से जुड़े अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। हनुमतधाम के पुनर्विकास से स्थानीय पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा हनुमतधाम परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों का समुचित विकास कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
